कोलकाता। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही अब सियासी पारा चढ़ने लगा और राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गया।
पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान का ऐलान किया गया है, जबकि असम में तीन और केरल, तमिलनाडु व पुडुचेरी में एक चरण में वोटिंग होगी। बंगाल में 8 चरणों में वोटिंग कराए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए हैं।
ममता बनर्जी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि क्या चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया है? उन्होंने कहा कि मैं बंगाल की बेटी हूं, भाजपा से कहीं बेहतर राज्य को जानती हूं। आठ चरणों के बावजूद हम जीतेंगे। ममता ने कहा कि असम में तीन फेज में मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु, केरल व पुडुचेरी में एक फेज में होगी। वहीं पश्चिम बंगाल में 8 राउंड में वोटिंग कराई जाएगी। यह गलत है।
