अमरोहा के गजरौला में दिन निकलते ही दिल दहलाने वाली वारदात हुई। गांव मोहम्दाबाद के पास के बंधे पर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति का गला काटा गया तो दूसरे का गला दबाकर हत्या करने का अनुमान लगाया जा रहा है। दोनों के शव 500 मीटर की दूरी पर बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

हाईवे पर जीरो प्‍वाइंट हसनपुर की ओर जाने वाले बांध किनारे पर गांव मोहम्दाबाद के देसी शराब की दुकान के पास के एक गड्ढे में गांव मोहम्मदाबाद निवासी नसरुद्दीन के 38 वर्षीय पुत्र सुफियान का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ। यहां से 500 मीटर की दूरी पर ही संवाद निवासी बालकरण के 45 वर्षीय पुत्र रामनिवास का भी शव बरामद हुआ। रामनिवास के गले पर भी निशान हैं। घटना की जानकारी होते ही काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी की जा रही है। उधर मृतकों के स्वजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

You missed