मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हेड कांस्टेबल ने तमंचे से गोली मारकर जान दे दी। हेड कांस्टेबल रामपुर में ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हेड कांस्टेबल की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी की।
मूल रूप से अमरोहा के रहने वाले सुनील कुमार यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। उनकी तैनाती रामपुर ट्रैफिक पुलिस में थी। सुनील कुमार अपने परिवार के साथ मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में सिद्धार्थ नगर गली नंबर 8 में रहते थे। परिवार में पत्नी शकुंतला और दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे सुनील कुमार ने अपनी पत्नी शकुंतला को बिस्किट खरीदने के लिए पास की दुकान पर भेजा। उस समय दोनों बेटे घर के अंदर कमरे में सो रहे थे। उसी दौरान सुनील कुमार ने तमंचे से कनपटी पर सटाकर गोली मार ली। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी जब बिस्कुट खरीद कर लौटी तो मकान के सामने वाले कमरे में सुनील खून से लथपथ चारपाई पर पड़े मिले। पति को इस हालत में देख शकुंतला की चीख निकल गई। आवाज सुनकर दोनों बेटे भी कमरे में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद ही मझोला पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अमित कुमार आनंद और एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। परिवार वालों के अनुसार सुनील कुमार बीते कुछ समय से अवसाद में चल रहे थे। उनका इलाज भी एक मानसिक रोग चिकित्सक के यहां चल रहा था। माना जा रहा है कि अवसाद के कारण ही सुनील कुमार ने गोली मारकर खुदकुशी की है।
