लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को दावा किया कि 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 2017 की अपेक्षा अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, 2017 में हुये विधानसभा चुनाव में भाजपा को 312 सीटें जबकि इसके सहयोगी अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को क्रमश: नौ एवं चार सीटें मिली थी। रक्षा मंत्री ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन भाषण में कहा, ‘‘भाजपा में सबसे ताकतवर पन्ना प्रमुख (भाजपा की सबसे निचली इकाई) हैं और समीक्षा करेंगे तो पाएंगे कि यह सिर्फ सत्ता हासिल करने वाले कार्यकर्ताओं का झुंड ही नहीं बल्कि एक जीवंत पार्टी है, जिसका एक राजनीतिक दर्शन है।’’
